कांगड़ा. देहरा में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने वीरभद्र सरकार के खिलाफ आक्रोश रैली निकाली. इस रैली में भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने सरकार की कार्यप्रणाली और वीरभद्र सिंह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सीएम वीरभद्र सिंह का पुतला भी फूंका. इस दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प हो गई.
देहरा के हनुमान चौक से एसडीएम कार्यलय तक भाजपा युवा मोर्चा के सदस्यों ने जमकर नारेबाजी की. इस दौरान तहसील चौक में पुलिस ने युवा मोर्चा के सदस्यों से मुख्यमंत्री का पुतला छीनने का प्रयास किया लेकिन सदस्यों ने उसमे आग लगा दी. इस घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया.
रैली में भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष विशाल चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री एवं उनका परिवार और साथ में पूरी सरकार जमानत पर चल रही है. बड़ी शर्म की बात है जब युवा कांग्रेस प्रधानमंत्री का पुतला जलाती है. प्रदेश कांग्रेस सरकार उनको पुतला जलाने में सुरक्षा देती है, लेकिन जब भाजपा युवा मोर्चा के सदस्य भ्रष्ट सरकार एवं मुख्यमंत्री का पुतला जलाती है. तब पुलिस मुख्यमंत्री का पुतला छिनती है, कांग्रेस सरकार की यह दोहरी राजनीति नहीं चलेगी ,आने वाले समय में भाजपा इस भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकेगी और प्रदेश में सरकार बनायेगी .