दिल्ली. करीब 24 घंटे दिल्ली में बने रहने के बाद गुरूवार को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की मुलाकात कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांंधी से उनके आवास दस जनपथ पर हो पाई. मुलाकात के बाद वीरभद्र सिंह आज दोपहर दो बजे वापस शिमला लौट रहे हैं.
वीरभद्र सिंह, सोनिया गांधी के पास हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की शिकायत लेकर बुधवार को ही दिल्ली पहुंच गये थे. लेकिन उनकी मुलाकात आलाकमान से नहीं हो पाई थी.
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, प्रदेश अध्यक्ष सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की कार्यप्रणाली से खुश नहीं हैं और उन्हे अध्यक्ष पद से हटाना चाहते हैं. इससे पहले भी इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह कांग्रेस अध्यक्ष को पत्र लिख चुके हैं.
पत्र में उन्होंने लिखा था कि अगर यही हालात बने रहे तो वे न तो चुनाव लड़ेंंगे और न ही लड़वाएंगे. बुधवार को दिल्ली पहुंचने के बाद वीरभद्र सिंह और सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल के बीच आधे घंटे की मुलाकात हुई थी. यह मुलाकात अहमद पटेल के आवास पर हुई. अहमद पटेल को वीरभद्र सिंह और सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के बीच चल रहे मतभेद को दूर करने की जिम्मेवारी दी गई है.
माना जा रहा है कि वीरभद्र सिंह पर चल रहे आय से अधिक सम्पत्ति रखने के मामले को लेकर सोनिया गांधी नाराज हैं. इसी वजह से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बातों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है. सुखविन्द्र सिंह सुक्खू पहले से ही दिल्ली में बने हुए हैं.