सोलन. भाजपा जिला कार्यकारी अध्यक्ष श्री पवन गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को भाजपा नेताओं पर आरोप लगाने से पहले अपने और अपने बेटे विक्रमादित्य के भ्रष्टाचार पर भी गौर कर लेना चाहिए।
वीरभद्र पर बरसे पवन गुप्ता
उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह के पूरे परिवार पर शिमला से लेकर दिल्ली तक की अदालतों में भ्रष्टाचार के मामले चल रहे हैं, किन्तु वीरभद्र सिंह औरों पर गलत बयानबाजी कर रहे हैं। उनके मुताबिक, इस बार के चुनाव में कांग्रेस सरकार का भ्रष्टाचार और कलंकित कानून व्यवस्था ही मुद्दा रहेगी।
सोलन पर भाजपा की जीत का दावा
पवन गुप्ता ने कहा कि भाजपा सोलन जिला की पांचों सीटों पर जीत हासिल करेगी और हिमाचल में उत्तराखंड का इतिहास दोहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार उत्तराखंड में मुख्यमंत्री हरीश रावत दो सीटों पर चुनाव लड़ने के बाद भी चुनाव नहीं जीत पाए, ठीक वही हाल कांग्रेस के वीरभद्र सिंह का भी होगा.
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सोलन में भाजपा एक जुट होकर डा. राजेश कश्यप के लिए कार्य कर रही है, इसकी तकलीफ कांग्रेस को क्यों हो रही है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह के दिल में डा. राजीव बिंदल का खौफ इस तरह घर कर गया है कि उन्हें होलीलॉज से लेकर अर्की तक नींद में भी डा. बिंदल दिखाई देते हैं।
शांडिल पर लगाये आरोप
गुप्ता ने कांग्रेस प्रत्याशी धनीराम शांडिल के पांच साल के कार्यकाल में सोलन में विकास के नाम पर सिर्फ पत्थर लगे और कर्मचारियों के थोक में तबादले हुए। उन्होंने कहा कि धनीराम शांडिल सोलन निर्वाचन क्षेत्र के लोगों की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर पाए और न ही लोगों की मूल समस्याओं को समझ पाए। उन्होंने कहा कि रेस्ट हाउस में बैठकर कोई जनप्रतिनिधि नहीं बन जाता है इसके लिए पसीना बहाना पड़ता है।
भाजपा जिला अध्यक्ष ने कांग्रेस को चुनौती दी है कि वह भाजपा सरकार के वर्ष 2008 से 2012 के कार्यकाल और कांग्रेस के 2012 से 2017 के कार्यकाल में सोलन विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों पर किसी भी मंच से बहस कर ले, उसे अपनी स्थिति का अंदाजा हो जाएगा।